अनपरा। एसडीएम रमेश कुमार की देख रेख में शुक्रवार की शाम को अनपरा थाना परिसर में ऊर्जांचल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एसडीएम ने समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
ऊर्जांचल जन कल्याण समिति के पदाधिकारी स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिये शासन प्रशासन को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसे संज्ञान में लेते हुये उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने ऊर्जांचल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओ को जाना। समिति के अध्यक्ष आर डी सिंह व महासचिव के सी जैन ने क्रमवार समस्याओं को रखा। कहा कि औड़ी शक्तिनगर फोरलेन सड़क निर्माण में बरती जा रही खामियां, बिजली विभाग द्वारा पोल शिफ्टिंग के नाम पर चार महीनों से अट्ठारह घंटे तक की जा रही अघोषित कटौती, मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के जमावड़े, बिछड़ी ऐश डैम से उड़ रही राख के मामले का निस्तारण न होने से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। कहा कि 186 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन औड़ी शक्तिनगर फोरलेन सड़क लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग की आपसी खींचतान से अधर में लटक गया है जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बिछड़ी राख बांध से बेतहाशा उड़ रही राख से आसपास के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। एसडीएम रमेश कुमार ने आश्वस्त किया कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से सोमवार को वार्ता कर समस्याओं का निराकरण जल्द कराया जाएगा। इस अवसर पर अजीत सिंह कंग, प्रकाश यादव अतुल शाह, नरेश, अमिताभ राय, गोपाल प्रसाद गुप्ता कृष्णा सिंह आदि मौजूद रहे।