UP: देव दीपावली के मंच पर अश्लीलता, थिरकीं बालाएं, पुलिस भी रही माैजूद; अफसर-मंत्री के जाने के बाद आर्केस्ट्रा
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में धार्मिक मंच पर अश्लील डांस की वीडियो वायरल होने के बाद चर्चाएं शुरू हो गईं। इस कार्यक्रम में जिले के कई अधिकारी और राज्यमंत्री भी आए थे लेकिन उनके जाने के बाद जमकर भोजपुरी गाने बजे।
विस्तार
देव दीपावली के धार्मिक आयोजन में भक्ति के स्वर अश्लीलता में बदल गए। ओबरा क्षेत्र के रेणुका नदी घाट पर आयोजित देव दीपावली कार्यक्रम में देर रात मंच पर अश्लील डांस किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस वीडियो की हम पुष्टि नहीं करते हैं।
जानकारी के अनुसार, सामाजिक प्रगति परिषद ओबरा की ओर से बुधवार को रेणुका घाट पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय सिंह गोंड़, अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, एडीएम सोनभद्र वागीश शुक्ला और एसडीएम ओबरा विवेक सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मंच से भक्ति गीत और धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गईं।
वीडियो वायरल
बताते हैं कि देर रात 11 बजे के बाद जैसे ही अतिथि और अधिकारी कार्यक्रम स्थल से रवाना हुए, मंच का माहौल बदल गया। धार्मिक आयोजन का सांस्कृतिक मंच आर्केस्ट्रा स्टेज में तब्दील हो गया, जहां 'ले ल पुदीना ले ल पुदीना', 'पियवा फ्रॉक वाली' जैसे अश्लील भोजपुरी गीतों पर डांसर थिरकती नजर आईं।
मंच पर प्रस्तुति देने वालों में भोजपुरी गायक गोलू राजा, अनुपमा यादव और आर्यन बाबू भी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्यक्रम में इस तरह नृत्य का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। धार्मिक कार्यक्रम में इस तरह की प्रस्तुति पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय सिंह गोंड ने कहा कि कार्यक्रम सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित था। हमने उद्घाटन कर कुछ देर तक धार्मिक आयोजन में सहभागिता की और फिर रवाना हो गए। हमारे वहां से जाने के बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है।