सोनभद्र। कोविड अस्पताल से जुड़ी बैठक बुधवार को जिला अस्पताल परिसर में हुई। इसमें डीएम एस. राजलिंगम ने कहा कि कोविड-19 एल-1 व एल-2 में भर्ती संक्रमित मरीजों की बेहतर देख-भाल की जाय। समय से खाना-पानी व काढ़ा के साथ ही जन स्वास्थ्य सुविधाएं मुश्तैदी के साथ मुहैया करायी जाय। जहां संक्रमित मरीज पाये जा रहे हैं, उसके पास-पास के कम से कम 30 लोगों के ब्लड की जॉच करायी जाय। इस काम की अब संबंधित उप जिलाधिकारी निगरानी करेंगें और जिले पर डिप्टी कलेक्टर को रिपोर्ट करेंगें। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा भी तहसीलवार उप जिलाधिकारियों द्वारा की जायेगी। होम क्वारंटाइन में रह रहे संक्रमित कोरोना मरीजों से वीडियो कालिंग से वार्ता करते हुए डॉक्टरों की टीम भेजकर उनका भी स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से कराने के साथ ही पर्याप्त दवाएं भी उन्हें मुहैया करायी जाय। डीएम ने कहा कि संभावित संक्रमित मरीजों की पहचान में तेजी लायी जाय। ब्लड कलेक्शन की संख्या बढ़ायी जाय। एक्टिव मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया करायी जाय। साफ-सफाई व सेनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने संक्रमित मरीजों का कवरेज टाइम यानी अस्पताल में भर्ती कराने की टाइमिंग बेहतर बनाने को कहा है। समीक्षा बैठक में सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय, सीएमएस डॉ. बीपी गौतम, डॉ. पीके सिंह, डीपीआरओ विशाल सिंह, सहायक निदेशक बचत संतलाल यादव आदि मौजूद रहे।