सोनभद्र। ऊंचडीह में एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण होगा, जिस पर क्रांति पथ से जुड़े सभी एक दर्जन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का नाम अंकित होगा। यह घोषणा विधायक अनिल कुमार मौर्या ने तियरा स्थित गौरव वाटिका में की। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक पं. महादेव चौबे की प्रतिमा पर माल्यार्पण की। रविवार को दस बजे विधायक का काफिला मड़ई तियरा स्थित गौरव वाटिका पहुंचा। जहां विजय शंकर चतुर्वेदी ने उन लोगों का स्वागत किया। सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के पश्चात उन्होंने कहा कि ऊँचडीह में बनने वाले प्रवेश द्वार पर बड़े अक्षरों में क्रांति पथ भी लिखवाया जाएगा। इस मार्ग पर स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक पंडित महादेव चौबे, प्रभाशंकर शर्मा, देवेन्द्रनाथ चौबे, गौरीशंकर देव पांडेय, बालगोविंद पांडेय, अक्षयवर उपाध्याय, कालीचरण शुक्ल, राधा प्रसाद शर्मा, मटुकधारी पांडेय, यज्ञनरायन सिंह, रामप्रताप सिंह व लाल सिंह आदि के गांव स्थित हैं। इसी मार्ग पर पड़ने वाले गांव देवरी खुर्द में वर्ष 1930 में अंग्रेजों का विरोध करते हुए नमक कानून भंग किया गया था। देवरी कला के दूधनाथ पांडेय परिवर्तन समाचार पत्र में कम्पोजर थे और अंग्रेजों से छिपकर रात में ही अखबार बांट दिया करते थे। यह क्रांति पथ सिर्फ सोनभद्र का नहीं बल्कि देश का गौरवपथ है।