सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान विवाहिता सीता (28) की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें बीएचयू ले जा रहे थे, लेकिन मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग मायके वालों का इंतजार किए बगैर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस अदलहाट से शव वापस मंगवा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी ले गई।
पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व सुकुत पुलिस चौकी क्षेत्र के कम्हारडीह निवासी सीता की तबीयत खराब हो गई। परिवार के लोग विवाहिता को जिला अस्पताल ले गए, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। यहां से घरवाले सीता को राबर्ट्सगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। बृहस्पतिवार की रात विवाहिता ने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे, लेकिन शुक्रवार को अचानक सीता की तबीयत बिगड़ने पर उसे रेफर कर दिया। बीएचयू ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। परिवार के सदस्य शव घर ले गए और शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाने लगे। सब इंस्पेक्टर शिवानी मिश्रा ने बताया कि रामपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले मृतका के पिता ने सूचना दी थी कि उन लोगों का बिना इंतजार किए शव अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर ससुराल पक्ष के लोगों से संपर्क कर शव जिला अस्पताल मंगवा कर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा।