सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सोना, देवरी खुर्द और दुरावल कला गांव में सोमवार को अबूझ हाल में लगी आग की चपेट में आने से छोटे-बड़े दर्जनभर किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना के बाद भी गांव में दमकल नहीं पहुंची वहीं अधिकारी दमकल भेजने के लिए बस आश्वासन पर आश्वासन देते रहे। किसी तरह ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई जा सकी। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार को दोपहर में सबसे पहले सोना गांव आग लगी। तेजी से फैल रहा आग देवरी खुर्द एवं दुरावल कला गांव को अपने जद में ले लिया। गांव के कमलेश पटेल, संजय चौबे सहित अन्य छोटे-बड़े करीब दर्जनभर किसानों का 15 बीघा से अधिक गेहूं का फसल जलकर राख हो गया। किसी किसान का खेत में गेहूं का बोझ बांधकर रखा था तो किसी की गेहूं की फसल अभी नहीं कटी थी। आग लगने की सूचना पर युवक मंगल दल के जिलाध्यक्ष सौरभ कांत पति तिवारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ आग बुझाने में जुट गए। बताया कि जिलाधिकारी से आगलगी की घटना से अवगत कराया गया और जल्द से जल्द दमकल भेजने की प्रार्थना की गई। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई मदद नही मिली। बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी फोन नहीं उठाया, जिससे की गांव में बिजली की सप्लाई शुरू करके सबमर्सिबल चालू करके आग पर काबू पाया जा सके। सूचना के चार-पांच घंटे बीतने के बाद भी दमकल गांव में नही पहुंची। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने में गांव के राजकुमार,सर्वेश पासवान,गुल्लू विश्वकर्मा,मिल्लू गुप्ता,पिंटू पटेल,मिंटू यादव,डब्लू तिवारी, नीरज, दीपा, प्रिया, सुगनी, पुष्पा, सरस्वती, पूजा, कमलेश पटेल, रामविलाश मौर्या, रामा, शिवलोचन, छोटक भारती आदि जुटे रहे।