यूपी-एमपी बॉर्डर पर बड़ा हादसा: बेकाबू पिकअप पलटने से चार मजदूरों की मौत, धान की कटाई कर लौट रहे थे श्रमिक
Sonbhadra News: यूपी-एमपी सीमा पर बड़ा हादसा हुआ। पिकअप पलटने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सभी मजदूर यूपी से धान की कटाई कर लौट रहे थे। इसी समय हादसा हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में सोमवार देर रात हुए हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा यूपी-एमपी सीमा पर स्थित चितरंगी तहसील क्षेत्र के झरकटा पहाड़ के पास हुई। मजदूर यूपी में धान की कटाई के लिए गए थे। वहां से अपने घर लौट रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
हादसा गढ़वा थाना क्षेत्र के नौडिहवा पुलिस चौकी क्षेत्र में रात करीब पौने बारह बजे हुआ। सूचना में विलंब के चलते बचाव व राहत कार्य शुरू करने में देर हुई। बताया जा रहा है कि गढ़वा थाना क्षेत्र में स्थित बगडेवा गांव व आसपास के रहवासी मजदूर करीब डेढ़ माह पहले धान की कटाई के लिए मिर्जापुर स्थित ग्राम मयना गोसाईं, थाना लालगंज गए थे। सोमवार को सभी गांव के किसान अमरेश पटेल की पिकअप से लौट रहे थे। इसी दौरान चितरंगी तहसील क्षेत्र के पुलिस चौकी नौडिहवा के झरकटा सड़क मार्ग पर पिकअप बेकाबू होकर पलट गई।
ये हुए हादसे के शिकार
सूचना पर पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप घायल लोगों को बैढ़न स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में शीलू (32) पुत्र लक्षनधारी, अमरपाल (36) पुत्र राम सूरत बैगा, लाल कुमार (35) पुत्र राजकरण एवं सूरज लाल बैगा (31) की घटनास्थल पर मौत हो गई। तीन मृतक मप्र के बगडेवा गांव के निवासी बताएं जा रहे हैं, जबकि एक यूपी के जुगैल थाना क्षेत्र निवासी हैं। हादसे में घायल ननकू बिंद, अमरेश पटेल, संतोष बैगा, अजय कुमार पटेल सहित एक अन्य को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
नौहडिहवा चौकी प्रभारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व ट्रामा सेंटर भिजवाने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद बगडेवा गांव में मातम पसर गया है। यह भी जानकारी मिली कि पिकअप अजय कुमार पटेल निवासी अमहा नौगवां थाना ड्रामनगंज जिला मिर्जापुर चला रहा था।