सोनभद्र। मिर्जापुर और प्रयागराज का सफर करने वाले यात्रियों के लिए बसों का इंतजार काफी मुश्किल भरा है। उन्हें सड़क पर ही खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। वहां न बैठने की व्यवस्था है और न ही पानी की। महिलाओं के लिए स्थिति और विकट होती है। यह हाल तब है, जब कई बार इस रूट की बसों को भी रोडवेज डिपो में ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सोनभद्र डिपो से वाराणसी, शक्तिनगर, गोरखपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज सहित अन्य स्थानों के लिए बसों का संचालन होता है। वाराणसी, शक्तिनगर, गोरखपुर, आजमगढ़ रूट की बसें डिपो परिसर में ही खड़ी होती हैं, लेकिन मिर्जापुर, प्रयागराज के यात्रियों को सड़क पर ही बस से उतरना-चढ़ना पड़ता है। इस रूट की बसें डिपो के अंदर नहीं जाती। डिपो से दो सौ मीटर दूर फ्लाईओवर के नीचे ही खड़ी होती हैं। इस जगह पर यात्रियों के लिए न तो बैठने की व्यवस्था है और न ही अन्य सुविधाएं। प्रसाधन के लिए कोई उचित स्थान नहीं है। ऐसे में यात्री खड़े होकर बस का इंतजार करते हैं। कई बार उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ जाता है। ऐसी दशा में इन सुविधाओं की कमी खलती है। डिपो परिसर में यह सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, मगर बसों के वहां तक न जाने से यात्री परेशान होते हैं। एआरएम विश्राम का कहना है कि यात्रियों की सहूलियत का ध्यान रखा जा रहा है। डिपो परिसर में बसों को खड़ा कराने की व्यवस्था कराई जाएगी।