सोनभद्र: घर में छिपकर बैठा था विशालकाय मगरमच्छ, परिवार की नजर पड़ी तो डर से थम गई सांसें
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तियां गांव में मगरमच्छ एक घर में घुस गया था। वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे पकड़कर बकहर नदी में छोड़ दिया। तीन दिन पहले भी इसी गांव में एक मगरमच्छ मिला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तियां गांव में शनिवार की रात घर में मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया। करीब 12 फीट लंबा मगरमच्छ गांव के एक घर में छिपकर बैठा था। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे कमरे में बंद कर वन विभाग को सूचना दी।
करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को काबू कर रविवार की सुबह बकहर नदी में छोड़ दिया। तीन दिन पहले भी इसी गांव के एक खेत में मगरमच्छ पकड़ा गया था।
मूर्तियां गांव निवासी कल्लू के घर में शनिवार की रात किसी समय एक मगरमच्छ घुस गया। अंधेरा होने के कारण किसी को इसका अहसास नहीं हुआ। देर रात करीब 12 बजे कल्लू को घर में अजीब सी सरसराहट की आवाज सुनाई दी। भयभीत परिजनों ने घर के अंदर नजर दौड़ाई तो एक कमरे में दीवार से सटकर विशालकाय मगरमच्छ बैठा था।
उन लोगों को देखकर मगरमच्छ फुंफकार मारते हुए घर के खपरैल पर चढ़ गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने जब खपरैल पर पत्थर फेंका तो मगरमच्छ फिर से घर में घुस गया। इसके बाद कल्लू व उसके परिजन कमरे से बाहर निकल गए और दरवाजा बंद कर वन विभाग को सूचना दी।
वन क्षेत्राधिकारी सूरजू प्रसाद के निर्देश पर वन दरोगा राजन मिश्रा, वन्य जीव रक्षक संतोष सिंह, सूबेदार सिंह, पप्पू विश्वकर्मा की टीम मौके पर पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया और बकहर नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।
वन दारोगा राजन मिश्रा ने बताया कि मूर्तियां गांव में एक घर से पकड़ा गया मगरमच्छ नर है। उसकी लंबाई करीब 12 फीट और उम्र करीब 6 वर्ष है। मगरमच्छ को बकहर नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।