सोनभद्र। नेशनल प्रोग्राम फॉर नॉन कम्युनिकेबल डिजीज कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में विश्व कैंसर जागरूकता दिवस पर गोष्ठी हुई। कैंसर से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। कहा गया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 9-14 वर्ष बेटियों को टीका लगवाएं।
सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि हर साल 6 लाख से अधिक लोगों की कैंसर से मौत होती है। पुरुषों में मुख्य रूप से फेफड़े, मुख का कैंसर और महिलाओ में स्तन और द्वितीय सर्वाइकल कैंसर होता है। आंत, लीवर, गाल ब्लैडर, अमाशय सहित अन्य अंगों के कैंसर भी हो रहे हैं। कैंसर का मुख्य कारण धूम्रपान, मिलावटी खान-पान, तंबाकू का सेवन, खाद एवं रसायनों का प्रयोग, डिब्बा बंद खाना, फास्टफूड, अल्कोहल, हेपेटाइटिस बी एवं सी का संक्रमण है। अगर हम जागरूक रहें तो कैंसर से बचाव हो सकता है। हेपेटाइटिस बी और सी की वैक्सीन का समय से लगवाएं। 09 से 14 साल की उम्र में लड़कियों को ह्यूमन पेपिलोमा वायरस से बचाव का टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाएगा। सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सीएचओ के माध्यम से मुख, स्तन व सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान कर ली जाए तो बीमारी बढ़ने से रोका जा सकता है। एसीएमओ डॉ. जीएस यादव ने आभार जताया। गोष्ठी में एसीएमओ नोडल डाॅ. प्रेमनाथ, डॉ. एसके वर्मा, डिप्टी सीएमओ डाॅ. सुमन जायसवाल आदि मौजूद रहे।