जिले से सटे झारखंड में इन दिनों नक्सलियों का आतंक है। बृहस्पतिवार की रात गिरिडीह के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट के चलते शुक्रवार को जिले की पुलिस अलर्ट रही। जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। सीमावर्ती इलाकों में कांबिंग कर नक्सल गतिविधियों की टोह ली। उधर, बिहार के पटना में छात्रों के आंदोलन के मद्देनजर भी रेलवे स्टेशनों व बिहार से लगते इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है।
झारखंड में नक्सली प्रशांत बोस और उसकी पत्नी शीला मरांडी के रिहाई की मांग कर रहे हैं। प्रशांत बोस उर्फ किशन (85) पर पुलिस ने एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने प्रशांत और उसकी पत्नी को बीते 12 नवंबर को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि प्रशांत बोस 1960 के दशक में नक्सलियों से जुड़ा। पुलिस उसकी करीब 43 साल से तलाश कर रही थी। झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की पुलिस को भी उसकी तलाश थी। नक्सली इन दिनों झारखंड में पकड़े गए दंपती साथी की रिहाई की मांग को लेकर नक्सली घटना को अंजाम दे रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिले की पुलिस प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व में फोर्स ने मनबसा व झारोकला के जंगलों में सघन कांबिंग की। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में नक्सली घटनाओं की जानकारी होने पर फोर्स को सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। नक्सल इलाकों में सघन कांबिंग की जा रही है। उधर, पटना और प्रयागराज में स्टेशन पर तोड़फोड़ के मद्देनजर सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर कोतवाल सत्यनारायण मिश्र, चौकी इंचार्ज संजय सिंह आदि ने भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया।