भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष की त्रयोदशी पर रविवार को शिवद्वार मंदिर में भगवान भोलेनाथ व आदिशक्ति मां पार्वती की संयुक्त प्रतिमा का दिव्य शृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री उमामहेश्वर और अन्य देवी देवताओं का दर्शन पूजन किया।
खास तौर से मिर्जापुर जिला के शक्तिपीठ विजयपुर से आए करीब एक हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेश गिरि ने बताया कि रविवार को भोर में पुजारी शिवराज गिरि, अजय गिरि के सहयोग से भगवान भोले नाथ व मां पार्वती की मूर्ति को गंगाजल, दूध से स्नान कराकर वस्त्र, आभूषण, फूल, माला, बेलपत्र इत्यादि से उनका शृंगार किया गया। मंगला आरती के बाद फल व मिठाई का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खास तौर से महिलाओं ने शिव-शक्ति के दिव्य विग्रह का दर्शन कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।