विद्यालय में मिली विवाहिता की लाश: घर से घास काटने निकली थी, एक वर्ष पहले हुई थी शादी; पति से होता था विवाद
Sonbhadra News: प्राथमिक विद्यालय में महिला की लाश मिलने की सूचना पाकर मौके पर कोन थाना की पुलिस पहुंच गई। आसपास के लोगों से शिनाख्त करने के साथ ही शव को कब्जे में ले लिया गया। वहीं, जब परिजन पहुंचे तो दहाड़ मारकर रोने लगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के बागेसोती ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सिंगा परिसर में विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। सोलर वाटर पंप के सहार रस्सी के फंदे पर शव देख ग्रामीण सन्न रह गए। विवाहिता एक दिन पहले घर से घास काटने के लिए निकली थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
करईल गांव निवासी कविता (20) पत्नी नान्हक बीती शाम रस्सी और हंसुआ लेकर घर से घास काटने के लिए निकली थी। इसके बाद से उसका कहीं पता नहीं चला। देर रात तक न लौटने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन, मगर सफलता नहीं मिली।
इस बीच, शुक्रवार की सुबह बागेसोती गांव के सिंगा टोला में स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में सोलर वाटर पंप के सहारे रस्सी के फंदे पर विवाहिता का शव देखा गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की तो मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई।
परिजनों में मचा कोहराम
कुछ ही देर में परिजन भी पहुंच गए। विवाहिता के भाई खेमपुर निवासी इंद्रजीत यादव ने बताया कि मई 2023 में कविता की शादी हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद से ही पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी दोनों में मोटर चलाने को लेकर विवाद हुआ था।
इसी के बाद देर शाम कविता घर से घास काटने के लिए निकली थी। करीब 12 किमी दूर बागेसोती में वह कैसे पहुंची और विद्यालय परिसर में शव को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी. गुप्ता ने बताया कि पति से विवाद के बाद कविता अपने घर से घास लेने के लिए निकली थी। उसका शव सिंगा गांव में फंदे से लटकता मिला है। इसी गांव में उसके मामा और बुआ का भी घर है। फिलहाल, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।