सोनभद्र: संदिग्ध हालत में लटकता मिला विवाहिता का शव, पिता बोले- मेरी बेटी फांसी नहीं लगा सकती
मामला सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के भलपहरी गांव का है। पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के भलपहरी गांव में शुक्रवार को देर शाम विवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में बंडेर से लटकता मिला। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (दुद्धी) भेज दिया। उधर मृतका के पिता का कहना है कि मेरी बेटी ने फांसी नहीं लगाई है।
जानकारी के अनुसार, सोनिया देवी(23) पत्नी रमेश कुमार निवासी भलपहरी का शुक्रवार को उसके घर के अंदर बडेर में साड़ी के फंदे से संदिग्ध परिस्थितियों में शव लटकते हुए मिला। परिजनों का कहना है कि करीब तीन बजे शाम को सोनिया घर के अंदर घुसी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब वह काफी समय तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो कमरे में पति रमेश जाने लगा।
जब कमरे के पास गया तो अंदर दरवाजा बंद था। वह कमरे का कुंडी तोड़कर अंदर घुसा तो सोनिया का शव घर के अंदर बडेर के सहारे लटक रहा था। उसने शव को तत्काल नीचे उतार दिया। घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान जगदीश सिंह को दी गई, तब तक आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए।
ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना तत्काल बभनी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अभय नारायण तिवारी घटनास्थल पर पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर लड़की के पिता रामऔतार निवासी टेकुआरी का कहना है कि गुरुवार को मैं अपनी बेटी को ससुराल पहुंचाया था। शव को पुलिस के पहुंचने से पहले नीचे उतार दिया गया। उनका कहना है मेरी बेटी ने फांसी नहीं लगाई है। इसकी जांच कराई जाए ताकि सच्चाई का पता लग सके। थानाधय्क्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा। शनीवार को पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है।