भाजपा विधायक से ट्विटर पर भिड़े कांग्रेस सांसद उदित राज, लिखा-तंत्र-मंत्र से उड़ा दूंगा कान के बाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच वार-पलटवार का दौर जारी है। इसी कड़ी में सोनभद्र के भाजपा से विधायक भूपेश चौबे और कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज के बीच ट्विटर पर खूब तकरार हुई। कांग्रेस प्रवक्ता ने जहां तंत्र-मंत्र के जरिए फूंक मारकर कान का बाल उड़ाने तक की बात कर डाली।
वहीं, विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि यह 21वीं सदी है, इसमें तंत्र-मंत्र का चक्कर नहीं, काम की जय होती है। मोदी सरकार की तरफ से किसानों के हक में जो कार्य किए गए हैं, वह इस पर बहस की चुनौती उन्हें ही नहीं, किसी भी कांग्रेस नेता को देते हैं।
दरअसल, मंगलवार को किसान आंदोलन में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस नेता उदित राज ने अपना एक वीडियो शेयर किया। इसमें खुद को लंगर परोसता दिखाने के साथ ट्वीट किया कि गाजीपुर बार्डर पर एक बार फिर आंदोलनरत अन्नदाताओं की सेवा करने का अवसर मिला। इस पर मंगलवार की रात भूपेश चौबे की तरफ से री-ट्वीट किया गया।
कहा गया कि एक बार फिर अन्नदाताओं को भ्रमित करने का मौका मिला लेकिन किसी ने सेवा ली नहीं, वीडियो अंत तक अवश्य देखें, किसान भाई। इस पर बुधवार को उदित राज ने जवाब दिया कि जनता की सेवा के अलावा मुझे तंत्र-मंत्र भी आता है विधायक जी, फूंक दूंगा तो कान के बाल उड़ जाएंगे।
इस पर विधायक ने पलटवार करते हुए लिखा कि यह तंत्र-मंत्र का जमाना नहीं, 21वीं सदी है। बेकार की बातें छोड़िए, मोदी सरकार ने किसानों के हित में जो कार्य किए हैं और जो सेवा का संकल्प लिया है, उस पर बहस करिए। वह किसी भी कांग्रेस नेता से बहस के लिए तैयार हैं।
तंत्र-मंत्र शब्द पर खूब ट्रोल हुए उदित राज
तंत्र-मंत्र के शब्द पर कांग्रेस नेता उदित राज खूब ट्रोल हुए। एक ट्विटर अकाउंटधारी ने बाल वाले कान को पोस्ट करते हुए लिखा कि मेरे कान में बहुत बाल हो गए हैं। जरा फूंक मारकर उड़ा दीजिए, तो बहुत कृपा होगी।