सोनभद्र। भारतीय किसान संघ ने बुधवार को जिले के विभिन्न विकास खंडों में किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। रॉबर्ट्सगंज में जिलाध्यक्ष आरबी सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। वहीं घोरावल में राम विलास मौर्य, करमा में रमेश सिंह पटेल, रॉबर्ट्सगंज में मदनलाल पटेल, चतरा में संपतराम मौर्य और नगवां में डॉ. शंभू सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। ज्ञापन में संघ ने विंध्य एक्सप्रेसवे में अधिग्रहित होने वाली किसानों की जमीन का मुआवजा बाजार मूल्य के आधार पर निर्धारित करने, विस्थापित किसानों को अतिरिक्त राशि देने, निजी नलकूप, ट्यूबवेल और बगीचों का उचित मूल्यांकन कराने की भी मांग की गई। किसान संघ ने खतौनी में अंश निर्धारण न होने से फार्मर रजिस्ट्री में आ रही दिक्कत दूर कराने की भी मांग की। कहा कि फार्मर रजिस्ट्री नहीं होने से किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में परेशानी हुई। रबी सीजन से पहले यह प्रक्रिया पूरी कराने की जरूरत है। इसके अलावा उर्वरक की कालाबाजारी पर रोक लगाने, अधिक कीमत पर खाद बेचने वाले केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई, ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित विद्युत कटौती बंद करने की भी मांग उठाई।