UP : खेल महाकुंभ का समापन करेंगे CM योगी, सोनभद्र को देंगे विकास की साैगात; प्रशासन हुआ अलर्ट
Sonbhadra News : सीएम योगी के आकस्मिक भ्रमण को लेकर सभी विभागों को भी अलर्ट पर करते हुए छुट्टी पर गए अफसर-कर्मचारियों को तत्काल जिले में आने के निर्देश दिए गए। देर रात तक जिला प्रशासन के अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय के संपर्क में रहे। विस्तृत कार्यक्रम जारी होने का इंतजार होता रहा।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर आगमन को लेकर सुरक्षा के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार की शाम पुलिस अधिकारियों संग कैंप कार्यालय पर बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग हो।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि वीआईपी मार्ग पर पड़ने वाली गलियों और कट पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सों का प्रयोग किया जाए। प्रभारी अधिकारी ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करें। अपने साथ पर्याप्त मात्रा में रस्से, लाउड-हेलर रखें। वीआईपी के कार्यक्रम स्थल व भ्रमण मार्ग पर सीसी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था हो।
ड्यूटी पर नियुक्त पुलिसकर्मी मोबाइल फोन का तभी प्रयोग करें जब अति आवश्यक हो। मोबाइल चैटिंग व अन्य गतिविधि नहीं करेंगे। ब्रीफिंग में संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय व अपराध डॉ. के. एजिलरसन, अपर पुलिस आयुक्त कानून व व्यवस्था एस चन्नप्पा आदि रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 16 जनवरी को जिले में आगमन की सूचना से बुधवार को प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा। दोपहर बाद डीएम, एसपी ने आनन-फानन उरमौरा स्थित डायट परिसर पहुंचे। सीएम के कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। सुरक्षा सहित अन्य पहलुओं की समीक्षा की। देर रात तक अफसरों को सीएम कार्यालय से विस्तृत कार्यक्रम जारी होने का इंतजार रहा।
नगर के हाइडिल मैदान में चल रहे विधायक खेल महाकुंभ का गुरुवार को समापन होगा। सदर विधायक भूपेश चौबे के मुताबिक समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। उरमौरा स्थित डायट परिसर में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम होगा।
इसमें विजेता और उप विजेता टीमों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। इसके लिए डायट परिसर में भव्य पंडाल व मंच तैयार किया जा रहा है।
सीएम के संभावित आगमन की सूचना के बाद डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम सहदेव मिश्र उरमौरा पहुंचे। अफसरों ने डायट परिसर का भ्रमण कर वहां बन रहे पंडाल व मंच का जायजा लिया। सीएम के कार्यक्रम में सुरक्षा प्रबंध को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
हाईवे पर आवागमन, वाहनों की पार्किंग, आंगतुकों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों पर मंथन किया गया। सभी विभागों से उनके यहां लोकार्पण व शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की सूची मांगी गई। इसके बाद अफसर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां देर रात तक कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार होती रही।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि सीएम के आगमन के संबंध में विस्तृत कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन अपनी ओर से पूरी तैयारी कर रहा है।