विंढमगंज। कस्बे से दुध्दी मार्ग पर चलने वाले ऑटो के चालको ने अवैध वसूली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शुक्रवार को थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपा। इसके पूर्व खेल मैदान परिसर में चालकों ने वसूली करने वाले के खिलाफ नारेबाजी की।
विण्ढमगंज कस्बे में स्थित मां काली मंदिर के तिराहे पर संचालित टेंपो स्टैंड से प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में आटो दुद्वी-विंण्ढमगंज मार्ग पर सवारी लेकर दौड़ती रहती है। आटो चालकों का आरोप है कि थाने में तैनात एक एसपीओ आटो का संचालन कराने हेतु सुविधा शुल्क लेता है। चालक रवींद्र कुमार और संतोष कुमार ने बताया कि उन लोगों से दबंगई से रुपये लिया जाता है। नवीन कुमार, मनदीप कुमार, विजय कुमार, उमेश कुमार कनौजिया ने कहा कि एसपीओ जो पैसा नहीं देता है उसे सवारी नहीं ढोने देता है। थानाध्यक्ष बृजमोहन सरोज ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। आरोप सही मिलने पर एसपीओ के खिलाफ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। मांगपत्र देने में चालक रामकुमार, दीपक कुमार, रामकेवल, नारायण, नंदू कुमार, मनदीप कुमार ,सुशील कुमार, विजय कुमार, अमरेश कुमार, विजय कुमार यादव, सत्य प्रकाश विश्वकर्मा, चंदन, सोनू, गोकुल, अखिलेश आदि शामिल थे।