सोनभद्र। चतरा ब्लॉक के तियरा कला गांव में कराये गये विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता बरते जाने की शिकायत ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से की। आरोप है कि विकास कार्यों में अनियमितता बरतते हुए लाखों रुपये का गबन किया गया है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की बिन्दुवार जांच कराकर कार्रवाई की जाने की मांग की। जिलाधिकारी को दिए शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत तियरा कला में मनरेगा योजना से वर्ष 2017-18 में मझिगवां संपर्क मार्ग से जितेंद्र देव के घर तक कच्चा संपर्क मार्ग पर मोरंग कार्य दर्शाया गया है, लेकिन वह कार्य मनरेगा से नहीं कराया गया है। पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद गोड़ ने जवाहर रोजगार योजना के तहत वर्ष 2002 में कार्य कराया था। आरोप है कि ब्लॉक के अधिकारियों के मिलीभगत से लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता की गई है। इसी तरह से मड़रहिया तालाब के गहरीकरण कार्य, राजस्व गांव बेलौड़ी पश्चिम पट्टी के तालाब का गहरीकरण का कार्य में भी अनियमितता बरती गई। ब्रह्मबाबा मंदिर के पास तालाब खुदाई, तियरा कला में मेन रोड से शिवमंदिर तक संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई है। इसी तरह प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना सहित अन्य कार्यों में मनमानी की गई है। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर भी की है। जिलाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से लालजी देव, सुरेश देव, राजेश कुमार, धर्मजीत कुमार, भोला देव, प्रसन्न कुमार, जगत कुमार, पंकज कुमार, कृष्ण देव आदि शामिल रहे।