सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित कांशीराम शहरी आवासों में अवैध ढंग से रह रहे लोगों को हटाया गया। नायब तहसीलदार तनुजा निगम की मौजूदगी में नगर पालिका कर्मियों और पुलिस ने अतिक्रमणकारियों की चंगुल से 20 आवासों को मुक्त कराया। इस दौरान कुछ महिलाएं आवासों को खाली करने के लिए तैयार नहीं थी। लेकिन महिला पुलिस कर्मियों के कड़ा रूख अख्तियार करने पर शांत हो गई।
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के निर्देश पर सदर एसडीएम केएस पांडेय, घोरावल उपजिलाधिकरी जैनेंद्र सिंह, ओबरा एसडीएम प्रकाश चंद्र और दुद्वी उपजिलाधिकारी रमेश कुमार को कांशीराम शहरी आवासों में अवैध ढंग से रह रहे लोगों के चंगुल से आवासों को मुक्त कराकर रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया है। ताकि पात्रों को चिह्नित कर उन्हें आवास आवांटित किए जा सकें। आदेश के क्रम में बुुधवार की दोपहर बाद फोर्स के साथ नायब तहसीलदार तनुजा निगम, कोतवाल अंजनी कुमार राय और चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह राबर्ट्सगंज स्थति कांशीराम आवास पहुंच कर अवैध ढंग से रह रहे लोगों को सामानों को निकालने का निर्देश दिया। लेकिन अधिकांश लोग सामान निकालने के लिए तैयार नहीं हुए। नायब तहसीलदार के निर्देश पर नपा कर्मियों ने बिना आवंटन के आवासों में रहने वालों के सामानों को निकालने लगे। इसके बाद अवैध ढंग से रह रहे लोगों ने भी सामानों को निकालना शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक आवासों को खाली कराने का कार्य जारी रहा। नायब तहसीलदार ने बताया कि कांशीराम में करीब 93 आवासों में अनाधिकृत रूप से लोग रह रहे थे। पूर्व में 15 लोगों की चंगुल के आवासों को खाली कराया गया था। आज 20 आवासों को खाली कराया गया। कहा कि आवासों में अवैध रूप से रह रहे सभी लोगों को निकाला जाएगा। एसडीएम डॉ. कृपाशंकर पांडेय ने कहा कि कांशीराम आवासों में अनाधिकृत रूप से रह रहे लोगों को नोटिस भेज कर खाली करने के लिए कहा गया था। लेकिन उनके द्वारा सामानों को निकाल कर हैंडंओवर नहीं किया गया। इस नाते खाली कराना पड़ रहा है। कहा कि डीएम से अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार पात्रों को आवास आवंटित करने की कार्यवाही की जाएगी।