सोनभद्र। युवक मंगल दल के कार्यकर्ताओं ने गर्मी में भूख प्यास से तड़प रहे पक्षियों के लिए कसोरे में दाना-पानी रखने का अभियान शुरू किया है। बृहस्पतिवार को जिला युवा कल्याण अधिकारी एनबी सिंह व बड़हर के युवराज मंगल दल के संयोजक कुंवर अभ्युदय ब्रह्म शाह ने घोरावल ब्लॉक के अतरौलिया गांव में संयुक्त रूप से कसोरे में दाना-पानी रखकर अभियान की शुरूआत की। यहां उन्होंने कहा कि युवक मंगल दल का यह अभियान पिछले पांच वर्षों से चल रहा है जो सराहनीय है। जब इस अभियान की शुरुआत की गई थी, उस समय इन बेजुबानों के लिए लोगों में कम जागरूकता थी। लेकिन इन पांच वर्षों में भारी जन समूह अभियान से जुड़ चुका है। क्षेत्री युवा कल्याण अधिकारी अशोक कुमार उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष रजनीश कुमार पांडेय व जिला महामंत्री नागेंद्र मोदनवाल ने कहा कि पशु व पक्षी बेजुबान होते हैं। अपनी संवेदना को किसी से प्रकट नही कर सकते और भूख व प्यास से तड़प कर अपने प्राण त्याग दे रहे हैं। ऐसे में मानवीय संवेदना को व्यक्त करते हुए गांव-गांव जाकर इन बेजुबानों के लिए दाने व पानी का इंतजाम किया जा रहा है और ग्रामीणों को भी इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान दल के जिला मंत्री मनोज कुमार दीक्षित, युवा कल्याण विभाग के लिपिक महफूज खान, चंद्रभान गुप्ता, अनिल गुप्ता, विपिन सिंह, शाहिद खां, राम मोहन पांडेय, बिरजू पटेल, श्याम सुंदर मौर्या मौजूद रहे।