सोनभद्र। सोनांचल में अंधविश्वास को लेकर अक्सर हो रहे विवाद और हत्या की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी के निर्देश पर पुलिस की 42 टीमें जिले में ओझाओं की तलाश में जुट गई हैं। इसके अलावा उनको संरक्षण देने वालों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि नक्सल एवं दुरूह क्षेत्रों में अधिकांश गरीब तबके के लोग निवास करते हैं। इन इलाकों में शिक्षा का स्तर कम होने का लाभ उठाते हुए कुछ लोग अंधविश्वास को बढ़ावा दे रहे हैं। इतना ही नहीं ओझा भूतों को भगाने के नाम पर गरीबों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। जिससे लोगों में आपसी विवाद बढ़ रहे हैं। इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने अंधविश्वास को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर राबर्टसगंज क्षेत्राधिकारी राजकुमार त्रिपाठी, घोरावल सीओ संजय वर्मा, सदर सीओ अभिनव यादव, ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा, पिपरी सीओ विजयशंकर मिश्रा और दुद्धी क्षेत्राधिकारी रामआशीष यादव की निगरानी में सभी थानों एवं चौकी क्षेत्रों में अंधविश्वास को बढ़ावा देने वालों की शिनाख्त शुरू कर दी गई है। इसके लिए महिला थाने को छोड़ कर 21 थानों में पुलिस की दो-दो स्पेशल टीमें ओझाओं और उन्हें संरक्षण देने वालों को पकड़ने के लिए लगाई गई हैं। टीमों में शामिल पुलिसकर्मियों का नाम गोपनीय रखा गया है।