सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में रविवार को विश्व हिंदू परिषद की बैठक हुई। इसमें धर्म रक्षा निधि समर्पण कार्यक्रम को सफल बनाने की योजना पर चर्चा की गई। विभाग मंत्री एवं प्रांत के सत्संग प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी ने कहा कि धर्म रक्षा निधि समर्पण कार्यक्रम 15 मार्च से 30 मार्च के बीच होगा। छह अप्रैल को प्रारंभ हो रहे हिंदू नववर्ष के दिन अधिक से अधिक स्थानों पर एकत्रित होकर विजय महामंत्र श्रीराम जय राम, जय जय राम का जप करें ताकि अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के व्यवधान दूर हों। विभाग के संगठन मंत्री सतीश ने कहा कि बजरंग दल का अभ्यास वर्ग इस वर्ष अमेठी में 15 से 22 मई तक होगा। वहीं, विश्व हिंदू परिषद का अभ्यास वर्ग कानपुर में सात जून से प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सारे पदाधिकारी निश्चित रूप से इस प्रशिक्षण में भाग लें। मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी का अभ्यास वर्ग ओबरा में 25 मई से होना है। बजरंग दल के विभाग संयोजक सत्य प्रताप ने कहा कि 17 मार्च तक चलने वाले सेवा सप्ताह में कार्यकर्ता बच्चों को शिक्षित बनाने के लिए अभिभावकों जागरूक कर रहे हैं। इस दौरान बजरंग दल के जिला संयोजक राजीव कुमार, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, देव आनंद चतुर्वेदी, अवधेश चौबे, दीपक सिंह, मदन चौबे, ज्ञानेंद्र शरण राय नागेंद्र राय, आयुष कुमार, दिना, अनुराग पांडेय, आनंद चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।