सोनभद्र। आदर्श नगर पंचायत पिपरी में अब गर्मी के दिनों में पेयजल की किल्लत नहीं होगी। करीब 20 हजार आबादी वाले नगर के सभी वार्डों में 32 स्थानों पर सोलर पैनल युक्त 5000 लीटर की ओवरहेड टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत को पहली किश्त के रूप में 94 लाख रुपये आवंटित कर दिए गए हैं। रिहंद जलाशय के किनारे पहाड़ी बसे पिपरी में पेयजल की समस्या से लोग परेशान हैं। गर्मी में टैंकर से पानी पहुंचाया जाता है। प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत नगर के वार्ड एक में रेलवे कॉलोनी में सोलर पैनल युक्त दो एचपी पंप के साथ 5000 लीटर की टंकी बनाई जाएगी। इसी तरह वार्ड एक के ड्राइवर मोहल्ला, रेलवे कॉलोनी, मलिन बस्ती में भी पंप व टंकी का निर्माण होगा। वार्ड दो में राजकीय इंटर कॉलेज के पीछे, बाल्मिकी पार्क के पीछे, वार्ड तीन में रामआसरे पांडेय के मोहल्ले में, मैसी एक्सरे के पास, वार्ड चार में पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास, इसी वार्ड के रहने वाले प्रमोद व एसी उपाध्याय के घर के पास सोलर युक्त पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। इस तरह कुल 32 स्थानों पर सोलर पैनल युक्त टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक टंकी के निर्माण में करीब सात लाख रुपये खर्च हाेंगे। परियोजना की कुल 189 लाख रुपये की लागत आएगी। शासन की तरफ से पहले किश्त के रूप में 94 लाख रुपये नगर पंचायत प्रशासन को आवंटित कर दी गई है। शेष धनराशि किश्तों में आवंटित होगी।