UP: सोनभद्र में 1.74 करोड़ से सात संपर्क मार्गों के बहुरेंगे दिन, काफी दिनों से मिल रही थी शिकायत; राहत
यूपी के सोनभद्र में संपर्क मार्गों की ठीक करने की शिकायत कई बार की गई थी। अब विधायक निधि से इसका निर्माण होगा। इसमें दो पुलिस भी बनाए जाएंगे। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग सफर करते हैं।
विस्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र के अलग-अलग इलाकों में करीब 1.74 करोड़ रुपये की लागत से सात संपर्क मार्गों के दिन बहुरेंगे। इसमें विधायक निधि से चार संपर्क मार्ग और दो पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। जबकि पूर्वांचल विकास निधि से कोन ब्लॉक के कचनरवा में सड़क का निर्माण होगा। सड़क के निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क बनने से बड़ी आबादी को आवागमन की समस्या से काफी राहत मिलेगी।
विकास खंड बभनी के ग्राम पंचायत बभनी में पक्की रोड से शिवशरन के घर तक पक्की सड़क का निर्माण व पुलिया और रपटा का निर्माण कराया जाएगा। करीब 23 लाख रुपये से सड़क और रपटा का निर्माण होगा। ग्राम पंचायत अरझट में करीब 24.10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।
बभनी ब्लॉक के सांगोबांध पक्की रोड से जगदंबा स्कूल के आगे तक लगभग 300 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के निर्माण पर कुल 24.50 लाख रुपये खर्च होंगे। ग्राम पंचायत फरीपान में 16.37 लाख रुपये से एक शिक्षण कक्ष का निर्माण कराया जाएगा।
इसके साथ ही दुद्धी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अहिरबुड़वा में पियहवा नाले पर करीब 25 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत सरडीहा के टोला सायल में गुरदयाली नाला पर 20.76 लाख रुपये से पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। दोनों गांवों में पुलिया बनने से ग्रामीणों की आवागमन की समस्या दूर होगी। इसी तरह विकास खंड कोन के ग्राम पंचायत कचनरवा टोला असनाबांध में रमेश बियार के घर तक लगभग 40.47 लाख रुपये से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी करते हुए जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - योगेंद्र नारायण चौधरी, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग।