सोनभद्र। जिले में शुक्रवार को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारी पूर्ण कर ली गई है। जगह-जगह योग शिविर लगाए जाएंगे। यूपी की आबकारी एवं खनन राज्य मंत्री व जिले की प्रभारी मंत्री अर्चना पांडेय राबर्ट्सगंज ब्लॉक के विशिष्ट स्टेडियम तियरा में आयोजित योग शिविर में हिस्सा लेंगी। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी भी योग शिविरों में हिस्सा लेंगे। इसके पूर्व बृहस्पतिवार को कई जगहों पर योग कराया गया। उधर पतंजलि योग समिति व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में कचहरी परिसर में स्थित पार्क में विश्व योग दिवस की तैयारियों के लिये 18 जून से योगाभ्यास कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सुबह चार बजे अपने परिवार, आसपास के लोगों के साथ आने के लिए कहा गया। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी रवि प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कचहरी परिसर पार्क में उपस्थित होकर योग में सम्मिलित होते हुए स्वास्थ्य लाभ उठाएं। यहां ओम प्रकाश यादव, सुनील श्रीवास्तव, रवि प्रकाश त्रिपाठी, सुनील कुमार चौबे, सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, मोहर देव पांडेय, पन्नालाल सोनी, हरी प्रसाद यादव, पल्लवी कुमारी, प्रतिभा सोनी, पूनम सोनी मौजूद रहे। डाला: सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में सुधाकर मिश्र व पुष्पराज पाण्डेय ने योग कराया। विश्व योग दिवस पर यहां तीन दिवसीय योगाभ्यास कार्यक्रम का समापन होगा। खलियारी: नगवां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पल्हारी पर डॉ. बृजेश कुमार सिंह की देखरेख में चल रहा योग शिविर बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। यहां परमहंस वर्मा, शिव शंकर, लवकुश, रविंद्र प्रसाद, डॉ. बीके सिंह महादेव, राम बहाल, ग्राम प्रधान प्रभावती देवी समेत अन्य मौजूद रहे।