जनता के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए सराहनीय कार्य करने वाले जनपद के दो इंस्पेक्टर, तीन एसआई समेत 12 पुलिस कर्मियों को प्रशंसा चिन्ह प्लेटिनम मिलेगा। पुलिस लाइंस चुर्क परिसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह प्रशंसा चिह्न प्लेटिनम पुलिसकर्मियों को प्रदान करेंगे।
बता दें कि पूर्व में जिले के कई अराजपत्रित पुलिस कर्मियों के नामांकन जोनल कार्यालय की ओर से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय को उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न प्लेटिनम के लिए जिले 12 पुलिस कर्मियों का चयन किया है। पुलिस महकमे से मिली जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह शक्निगर थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव, एसआई कृष्णावतार सिंह, बजरंग बली चौबे, सतीश चंद्र राय, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव, आफताब मोहिउद्दीन, दिनेश सिंह यादव, श्रीराम उपाध्याय, बंश नारायण सिंह यादव, धर्मेंद्र कुमार पटेल और अवनीश कुमार यादव को प्रशंसा चिह्न प्लेटिनम प्रदान करेंगे। सभी पुलिस कर्मियों को गणतंत्र दिवस पर बुलाया जाएगा। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर उक्त पुलिस कर्मियों को प्रशंसा चिह्न प्लेनिम प्रदान किया जाएगा।