सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने छह सूत्री मांगों को लेकर शनिवार को दो घंटे तक कार्य बहिष्कार किए रखा। अध्यक्ष अरूण चौबे की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल सीएमओ से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कहा कि समान कार्य का समान वेतन सहित छह सूत्री मांगों को अविलंब पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। बताया कि 20 जनवरी को वह लोग पूरे दिन कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। 21 जनवरी को अनिश्चितकालीन हड़ताल, जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर, शेष सभी प्रकार की चिकित्सा सेवाओं को ठप रखेंगे। फिर भी मांगें पूरी नहीं हुई, 21 जनवरी के आंदोलन के साथ ही अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उपाध्यक्ष डा. गौरव सिंह, महामंत्री रविप्रकाश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष संजय कुमार सिंह आदि का कहना था कि समान कार्य का समान वेतन के लिए विशिष्ट सेवा नीति लागू करने, ठेका, आउटसोर्सिंग प्रथा पर रोक लगाने, संविदा कामिु़कों का स्थायी समायोजन, नवीन पद स़ृजन, आशा कार्यकर्तियों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भांति एक निश्चित मानदेय, संविदा कर्मियों के मृतक आश्रित को अनुकंपा के आधार पर शैक्षिक योग्यतानुसार नौकरी, लायल्टी बोनस की मांग उठाई जा रही है लेकिन इस पर अब तक संजीदगी नहीं दिखा जा सकी है। मीडिया प्रभारी विमल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव आशीष चतुर्वेदी, सुनील श्रीवास्तव का कहना था कि अभी 21 तक चरणवार आंदोलन चलेगा। मांगें नहीं मनेगा तो 21 के आंदोलन के साथ ही, अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत कर दी जाएगी।