सीतापुर। मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। रविवार को सुबह से मौसम साफ रहने से अच्छी धूप निकली। इससे ठंड महसूस नहीं हुई। शहर के पार्क गुलजार रहे। हालांकि, सर्द हवाओं के जोर पकड़ने से अधिकतम तापमान एक डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 08 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 48 घंटों में मौसम के फिर करवट लेने की संभावना है।
मौसम ने शुक्रवार देर रात एकाएक करवट बदली थी। आसमान पर बादलों ने डेरा जमाया और जिले के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश भी हुई थी। शनिवार को धूप-छांव का खेल चला। हांलाकि, इससे तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा। रविवार को सुबह से मौसम सामान्य रहा। इससे शहर के सरोजनी वाटिका, इलसिया समेत अन्य पार्कों में दिन भर चहल-पहल बनी रही। हांलाकि, 11 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली सर्द हवा ने मुश्किल पैदा की। इससे पारे में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को बादल छाने के साथ कई इलाकों में बारिश अथवा बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है।