{"_id":"74259e8b4d0da565ce48fc74949c27ea","slug":"republic-day-will-celebrated-today-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हर ओर छाया तिरंगे का उल्लास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हर ओर छाया तिरंगे का उल्लास
अमर उजाला ब्यूरो/सीतापुर
Updated Mon, 25 Jan 2016 11:21 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गणतंत्र दिवस के उल्लास में शहर रंग गया है। हर तरफ फिजां में तिरंगे लहरा रहे हैं। बच्चे, युवा और बूढ़े सभी 67वें गणतंत्र की खुशियों में सराबोर हैं। सरकारी इमारतें व शहर के प्रमुख स्थल आकर्षक ढंग से सजाए गए हैं। भवनों पर लगी झालरें तिरंगे के रंग से रोशन हो रही हैं।
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन समेत सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण होगा। स्कूली बच्चे प्रभात फेरी निकालेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट, तहसील भवन, पुलिस लाइन, लालबाग चौराहा, नगर पालिका, जिला अस्पताल समेत शहर की प्रमुख इमारतें व स्थल दिलकश अंदाज में सजाए गए हैं। गुब्बारे व झालरों को तिरंगे की शक्ल में सजाया गया है। केसरिया, सफेद व हरे रंग में बिजली की झालरें मनमोहक छटा बिखेर रही हैं।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह से गणतंत्र दिवस समारोहों का दौर शुरू हो जाएगा। सुबह आठ बजे धार्मिक स्थलों पर सामूहिक प्रार्थना होगी। सुबह 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान होगा। सुबह 9:30 बजे पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ध्वजारोहण करेंगे।
इसके बाद पुलिस, पीएसी के जवानों व छात्र-छात्राओं की संयुक्त परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सुबह 10 बजे समस्त शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण व राष्ट्रगान, खेलकूद व रंगारंग कार्यक्रम किए जाएंगे। सुबह 11 बजे कुष्ठ आश्रम खैराबाद व जिला अस्पताल, आंख अस्पताल, जिला कारागार में रोगियों को फल एवं मिठाई वितरित की जाएगी। दोपहर 12 बजे अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
दोपहर तीन बजे रूट मार्च, चार बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। रात आठ बजे नेहरू हाल में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा।
भिठौली में ग्रामीणों ने चलाया सफाई अभियान
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर ब्लॉक कसमंडा की ग्राम पंचायत भिठौली में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय, राजकीय बालिका विद्यालय सहित गांव भर में ग्रामीणों ने झाडू लगाकर सफाई की।