सकरन (सीतापुर)। राजस्व टीम ने सोमवार को इटौवा गांव पहुंचकर सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर राजस्व टीम ने यह कार्रवाई की है। जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर इटौवा के ग्रामीणों ने सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाए जाने की मांग की थी। इटौवा निवासी सरल कुमार व उमेश ने शिकायती पत्र में बताया था कि गांव में गाटा संख्या 623 एक बीघा जमीन राजस्व में घूरा गड्ढा के नाम से दर्ज है। उक्त गाटा के करीब 622 नंबर कब्जेदारों का निजी नम्बर है। 624 नंबर ग्राम समाज की जमीन है। इस पर ग्राम पंचायत का सचिवालय बना हुआ है।
आरोप था कि 623 सरकारी नंबर पर गांव के ही हरिकृष्ण ने वर्ष 2020 में जबरन कब्जा कर पक्के पिलर बनाकर टीन शेड डाल लिया था। बाकी जमीन पर घूरा आदि डाल रहे हैं। इंद्रेश, दिनेश, नामी आदि ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करवाए जाने की मांग की थी। अमर उजाला ने 17 नवंबर के अंक में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की गुहार शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था। खबर प्रशासन के बाद सोमवार को लहरपुर के नायब तहसीलदार दीनानाथ यादव, राजस्व निरीक्षक राज किशोर जायसवाल, क्षेत्रीय लेखपाल अरविंद पाल, अनुराग वर्मा, अनिरुद्ध पटेल, संदीप पाल व सत्येंद्र वर्मा के अलावा सकरन थाने का पुलिस बल इटौवा पहुंचा। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को बुलडोजर से धराशाई कर दिया गया। सरकारी जमीन पर लगवाए गए घूरा को भी टीम ने हटा दिया है।