{"_id":"c3e708aeae14a6f80a92d86767c23487","slug":"drizzle-the-cold-winds-increased-shuddering-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बूंदाबांदी के बीच ठंडी हवा ने बढ़ाई सिहरन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बूंदाबांदी के बीच ठंडी हवा ने बढ़ाई सिहरन
अमर उजाला ब्यूरो/सीतापुर
Updated Wed, 28 Oct 2015 11:27 PM IST
विज्ञापन
मौसम के बदले तेवरों ने बुधवार को लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास कराया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के साथ जिले के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई।
विज्ञापन
मौसम के अचानक करवट लेने से सिहरन बढ़ गई। जाड़े का आगाज देख लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
बुधवार सुबह मौसम सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही देर में अचानक मौसम ने तेवर बदलने शुरू कर दिए। आसमान पर काली घटाएं छाने के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं। दोपहर करीब एक बजे जिले के कई हिस्सों में बूंदाबांदी भी हुई।
विज्ञापन
बदली, ठंडी हवाओं तथा बूंदाबांदी ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। बाइक से सफर करने वाले लोग कंपकंपाने को मजबूर हो गए। बच्चे गर्म कपड़े पहने दिखे।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री था, बारिश व बदले मौसम से पारे में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को भी बारिश के आसार हैं।
विज्ञापन
नमी व बारिश के आसार से किसानों के माथे पर सिलवटें
बारिश के आसार से तैयार खड़ी धान की फसल के नुकसान का डर किसानों को सता रहा है। धान की फसल काट चुके अन्नदाता भी बारिश की संभावना से परेशान हो उठे हैं।
हालांकि बदला मौसम व बारिश दलहन-तिलहन की बुआई के लिए फायदेमंद साबित होगी। लेकिन किसान धान की कटाई तक मौसम साफ रहने की दुआ कर रहे हैं। इसके अलावा जो किसान धान की फसल काट चुके हैं, भीगने व नम होने से उन्हें भी नुकसान का डर सताने लगा है।
जिले में 60 फीसदी धान की फसल किसान काट चुका है। 40 फीसदी धान अभी खेत में तैयार खड़ा है। बुधवार को मौसम में बदलाव से आर्द्रता 83 प्रतिशत हो गई है। नमी बढ़ने व बारिश के आसार से किसान चिंतित है।