धनतेरस के मुहूर्त में दूसरे दिन भी हुई खरीदारी
सिद्धार्थनगर। धनतेरस के शुभ मुहूर्त और दीपावली की पूर्व संध्या पर शहर, कस्बों की दुकानों में रौनक रही। धनतेरस के दो दिन के मुहूर्त में पहले दिन शनिवार को लोहे नहीं खरीदने वाले लोगों ने रविवार को भी वाहन व अन्य सामान खरीदे। यही कारण रहा कि मिठाई और पटाखों के साथ अन्य दुकानों पर भी रौनक बनी रही।
वाहन व्यवसायी आशीष दुबे ने कहा कि बाढ़ के कारण धनतेरस में कुछ असर रहा, लेकिन पिछले साल की अपेक्षा कारोबार अच्छा रहा। दो साल कोरोना के कारण धनतेरस में मंदी थी, लेकिन इस बार शहर में कारोबार अच्छा हुआ। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ के चलते खराब असर रहा। व्यापारी कन्हैया वर्मा ने बताया कि आभूषण सहित शहर में दो दिन में 80 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो गया। दीपावली की पूर्व संध्या पर भी लोगों ने खूब खरीदारी की। ग्राहकों की संख्या अधिक होने के कारण शहर में कई बार लोगों को जाम से जूझना पड़ा।