तस्करी: नेपाल में एंबुलेंस से 574 किलो गांजा बरामद, चालक फरार; जांच में जुटी पुलिस
एंबुलेंस छोड़कर भागे चालक की तलाश की जा रही है। गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
विस्तार
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस का इस्तेमाल गांजे की तस्करी के लिए किए जाने का मामला सामने आया है। नेपाल के सुनसरी जिले में पुलिस ने दुहबी नगरपालिका-6 में बूढ़ी खोला के किनारे खड़ी एंबुलेंस से 574 किलो 870 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने गांजे के साथ एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी के अनुसार, सोमवार सुबह सूचना मिली कि कोशी राजमार्ग पर इटहरी से विराटनगर की ओर एंबुलेंस के जरिये गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस कार्यालय दुहबी और सीआरवी दुहबी की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने दुहबी नगरपालिका-6 स्थित बूढ़ी खोला के किनारे खड़ी संदिग्ध एंबुलेंस की जांच की। तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखा गया 574 किलो 870 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी के सूचना अधिकारी चंद्रबहादुर खड़का ने बताया कि गांजे के साथ एंबुलेंस भी जब्त की गई है। मामले की जांच इलाका पुलिस कार्यालय दुहबी कर रहा है। एंबुलेंस छोड़कर भागे चालक की तलाश की जा रही है। गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।