ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं का भंडार : तिवारी
शामली। जिला परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी ने कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं का भंडार है, केवल उन्हें तराशे जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे कार्यक्रम छात्रों के लिए एक अवसर की तरह होते हैं। छात्रों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
मंगलवार को वीवी इंटर कॉलेज शामली में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के छठे दिन के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि ज्ञानेश्वर तिवारी ने स्वयं सेवक- सेविकाओं से कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। कठिन परिश्रम से प्राप्त की गई सफलता स्थायी होती है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि छठे दिन का प्रथम सत्र चिकित्सा दिवस के रूप में मनाया गया। जिसमें छात्रों के ब्लड ग्रुप जांच हीमोग्लोबिन, कैल्शियम के साथ दांतों की जांच, आंख और कान की जांच कराई गई। शिविर के 70 छात्रों की जांच चिकित्सकों द्वारा की गई। दूसरे सत्र में पर्यावरण जागरूकता एवं जल संरक्षण विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता डॉ. रविंदर सिंह ने बताया कि जल जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रधानाचार्य एसके आर्य ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजवीर सिंह, राजनाथ सिंह, नरेंद्र शर्मा, कुलदीप पंवार, विनोद कुमार, राजीव गोयल, संदीप मित्तल, सुशील, धीरज और श्रवण आदि मौजूद रहे।

शामली वीवी इन्टर कॉलेज में आयोजित एनएसएस शिविर में भाग लेते छात्र छात्राएं- फोटो : SHAMLI