Shamli: अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में श्रमिक समेत दो की मौत, परिजनों में कोहराम
शामली शहर कोतवाली व आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में अलग-अलग हादसों में श्रमिक समेत दो युवकों की मौत हो गई।
विस्तार
शामली शहर कोतवाली व आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में अलग-अलग हादसों में श्रमिक समेत दो युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई जबकि दूसरे हादसे में साईकिल सवार श्रमिक की ट्रक की पीछे से टक्कर लगने से मौत हुई। मौके से भाग रहे ट्रक को लोगों ने पीछा कर चालक समेत पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
जिला मुजफ्फरनगर के गांव भौराकला निवासी नितिन(36) गुरुवार की शाम करीब छह बजे बाइक पर सवार होकर शामली में सामान लेने आया था। रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र में शामली-भौरा कला मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक समेत युवक सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। वहां से जा रहे राहगीर युवक को कुड़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां चिकित्सक में उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के पिता सत सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दूसरा हादसा आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव सिक्का के निकट हुआ। गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र के गांव भैंसवाल निवासी सहंसरपाल (45) आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिक्का के निकट पेपर मिल में कई साल से श्रमिक का कार्य कर रहा था। पेपर मिल में उसकी रात की ड्यूटी थी।
दुर्घटना के बाद मौके से भाग रहे ट्रक को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
ट्रेन से कटकर मरे युवक की नहीं हुई पहचान
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में शामली-सहारनपुर रेल मार्ग पर बृहस्पतिवार को हींड स्टेशन से पहले ट्रेन से कटकर वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। उस समय ट्रेन दिल्ली से हरिद्वार जा रही थी।
सूचना मिलने पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की थी, लेकिन युवक के बारे में पता नहीं चल पाया था। दूसरे दिन शुक्रवार को भी युवक के शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि युवक के शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।