Shamli: अस्पताल में भ्रूण लिंग जांच का खुलासा, डॉक्टर खुर्शीद अनवर और दलाल पर केस दर्ज
पानीपत स्वास्थ्य विभाग ने शामली के अनवर जैक हॉस्पिटल में छापा मारकर भ्रूण लिंग जांच का खुलासा किया। पुलिस ने डॉक्टर खुर्शीद अनवर और दलाल रगीब पर केस दर्ज कर लिया है। महिला चिकित्सक की तलाश जारी है।
विस्तार
शामली शहर के कैराना रोड स्थित अनवर जैक हॉस्पिटल में भ्रूण लिंग जांच कराने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अस्पताल के ऑपरेटर डॉ. खुर्शीद अनवर और दलाल रगीब के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं छापे के दौरान मौके से भागी हुई महिला चिकित्सक की तलाश में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुटी हैं।
दरअसल, बीते सोमवार को हरियाणा के पानीपत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शामली में कैराना रोड स्थित अनवर जैक हॉस्पिटल पर छापा मारा था। टीम ने एजेंट रगीब को रंगे हाथों दबोच लिया। उसके कब्जे से भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के नाम पर वसूले गए 23 हजार रुपये भी बरामद हुए थे।
पानीपत स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अभय नंदन व डॉ. ललित ने बताया कि छापे के दौरान एक महिला चिकित्सक मौके से भाग गई थी। उसकी तलाश के लिए शामली स्वास्थ्य विभाग से भी मदद मांगी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट, प्री नेटल डायग्नोस्टिक टेक्नीक्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दो माह में छह बार छापा
पानीपत स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ कार्रवाई में बीते दो माह के भीतर शामली जिले में छह बार छापेमारी हो चुकी है। अनवर जैक हॉस्पिटल पर यह दूसरी बार कार्रवाई की गई। हालांकि, पूर्व में भ्रूण लिंग जांच नहीं पकड़ी गई थी। बताया गया कि जिले के कई और निजी अस्पताल भी रडार पर हैं और जल्द ही उन पर शिकंजा कसा जाएगा।
शामली स्वास्थ्य विभाग पर सवाल
गौर करने वाली बात यह है कि हर बार छापेमारी हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम करती है और शामली स्वास्थ्य विभाग को भनक तक नहीं लग पाती। 28 मार्च को जलालाबाद स्थित दिव्या पैरामेडिकल अस्पताल में करनाल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण लिंग जांच का खुलासा कर एजेंट अमित को पकड़ा था।
28 नवंबर 2024 को रोहतक स्वास्थ्य विभाग ने मां सावित्री हॉस्पिटल में छापा मारकर महिला चिकित्सक नीलम और दो दलालों को गिरफ्तार किया था। इन दोनों मामलों में भी शामली स्वास्थ्य विभाग को कोई जानकारी नहीं थी।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा है कि जिले में भ्रूण लिंग जांच की घटनाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए जाएंगे। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।