शामली। व्यापारी सुरक्षा फोरम का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को प्रदेश मंत्री श्रीपाल गोयल और जिला महामंत्री प्रदीप विश्वकर्मा के साथ जीएसटी कार्यालय में डिप्टी कमिश्नर सिद्धार्थ सौरव व धर्मेंद्र कुमार से मिला। इस दौरान उन्होंने बताया कि जब व्यापारी जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करते हैं तो उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जीएसटी अधिनियम के अनुसार रजिस्ट्रेशन अप्लाई करने के तीन दिन के अंदर व्यापारी का पंजीकरण हो जाना चाहिए लेकिन 15 दिन बाद भी पंजीकरण नहीं हो पा रहा। अधिकारी 15 दिन तक आवेदन को लंबित रखते हैं और अंतिम समय में आपत्ति लगा दी जाती है। रजिस्ट्रेशन के समय ओरिजिनल पैन कार्ड व आधार कार्ड मांगा जा रहा है जबकि पोर्टल पर इनको अपलोड करने की कोई व्यवस्था नहीं है। गैरजरूरी कागजों की मांग की जाती है, जिससे व्यापारी परेशान हैं।
व्यापारियों की शिकायत पर दोनों डिप्टी कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इन सभी बातों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को हिदायत दी की कि इस तरह के कार्यों में शीघ्रता लाएं एवं व्यापारी की परेशानियों को दूर करें। प्रतिनिधिमंडल में संगठन महामंत्री विपिन कुमार मित्तल, जिला मंत्री मुकेश जांगिड़, मदनलाल खंद्रावली, विनोद कुमार गर्ग शामिल रहे।