कोरोना का खौफ: डॉक्टर मास्क लगाकर कर रहे मरीजों का उपचार, ऐसा है यूपी के जिलों का हाल
यूपी के शामली में सीएचसी पर चिकित्सक मास्क लगाकर मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अलर्ट होने के साथ ही चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी सतर्कता बरत रहे हैं। सीएचसी पर चिकित्सक मास्क लगाकर मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को सीएचसी शामली पर अधिकतर डाक्टर, फार्मेसिस्ट और स्वास्थ्यकर्मी मास्क लगाकर काम करते नजर आए। चिकित्सक भी मास्क लगाकर मरीज देेख रहे हैं। साथ ही मरीजों को भी बचाव संबंधी जानकारी दे रहे हैं। सीएमओ डा. संजय भटनागर ने बताया कि कोरोना और स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि उनके माध्यम से बच्चों को इसके बारे में जानकारी देकर जागरूक किया जाए। अभिभावकों से अनुरोध है कि किसी बच्चे को नजला, जुकाम या खांसी होती है तो उसे स्कूल न भेजे और ठीक होने तक घर पर रखे। उसे मास्क लगाएं ताकि उसका संक्रमण दूसरे व्यक्ति तक न पहुंचे। लोगों से भी अनुरोध है कि अगर किसी को लंबे समय तक बुुुखार, खांसी, सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच कराए। बचाव के लिए मास्क लगाएं और हाथ धोने में सेनेटाइजर या साबुन का इस्तेमाल करें। आंख, नाक और मुंह पर हाथों का संपर्क कम से कम रखें।
कैराना सीएचसी पर बृहस्पतिवार को डॉक्टर मुंह पर मास्क लगाकर मरीजों का उपचार करते नजर आए। चिकित्साधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अलर्ट जारी कर दिया है। कोरोना वायरस खासकर हवा, खांसी, जुकाम, छींक से फैलता हैं। इससे बचाव के लिए सबसे अच्छा तरीका हैंड वाश हैं। कोरोना वायरस किसी धातु या कपड़े पर आ जाता है। वायरस से बचाव के लिए सभी डॉक्टरों को मास्क पहनने की सलाह दी गई हैं।
यह भी पढ़ें: क्या है कोरोना से बचने का देसी इलाज? सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा उपचार का ये तरीका
छात्रों को दी कोरोना से बचाव की जानकारी
गांव बंतीखेड़ा में स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। अध्यापिका निधि ने बच्चों को बताया कि एक सप्ताह से अधिक किसी को बुखार आना, खांसी, जुकाम हो तो उसकी जांच कराएं। इससे बचाव के लिए हाथ साफ रखें। साबुन से हाथ साफ करने पर खाना खाएं। भीड़ में खड़े होने से बचें और किसी से हाथ न मिलाएं। घर से बाहर मास्क लगाकर निकलें। इस अवसर पर अध्यापक कपिल, अलकेश मौजूद रहे।
सीबीएसई परीक्षा में मास्क, सेनेटाइजर लगाने की छूट
सीबीएसई के जिला नोडल अधिकारी डा. एके गोयल ने बताया कि आल इंडिया सीबीएसई के सचिव अनुराग त्रिपाठी की तरफ से भेजे पत्र में बताया गया है कि कोरोना और स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए अगर कोई परीक्षार्थी चाहे तो एहतियात के तौर पर सीबीएसई परीक्षा में मास्क लगाकर सम्मिलित हो सकते हैं और हैंड वाश के लिए सेनेटाइजर ले जा सकते हैं। एहतियात के तौर पर सीबीएसई ने यह परीक्षा में यह छूट दी है।
टिशू पेपर से मास्क बनाना सिखाया
सिप अबेकस में बच्चों ने टिशू पेपर से मास्क बनाने सीखे और कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी को प्रेरित करने का संकल्प लिया। सिप अबेकस की संचालिका डा. मृदुला जैन ने बच्चों को टिशू पेपर से मास्क बनाने सिखाए। उन्होंने कोरोना से अपनी सुरक्षा करने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना, हैंड वाश करना सिखाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वह अपने आसपास भी सभी को करोना वायरस के बचाव के लिए प्रेरित करें।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/