शामली। एड्स एवं स्वास्थ्य जागरूकता साइकिल यात्रा लेकर पहुंचे डॉ. अनिल नौसरान का आईएमए शामली के चिकित्सकों ने स्वागत किया।
रविवार सुबह शामली में मेरठ आईएमए के सचिव डॉ. अनिल नौसरान एड्स एवं स्वास्थ्य जागरूकता साइकिल यात्रा लेकर शामली पहुंचे। वे करनाल से शामली होते हुए मेरठ जा रहे थे। शहर में बुढ़ाना रोड पर डा. पंकज गर्ग के नर्सिंगहोम पर आईएमए शामली की तरफ से चिकित्सकों ने स्वागत किया। डॉ. अनिल ने अपनी यात्रा का उद्देश्य बताते हुए लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स बताए। कहा कि जिस तरह से शादी से पहले कुंडली बनाते हैं, उसी तरह शादी से पहले मेडिकल कुंडली बनवाएं। लड़का-लड़की का एचआईवी टेस्ट कराएं और असाध्य रोगों से मुक्ति पाएं। सभी लोगों को जीवन में घंटा-दो घंटा साइकिल अवश्य चलानी चाहिए। साइकिल चलाने से हाइपर टेंशन, शुगर, डिप्रेशन आदि बीमारियों से राहत मिलती है और जीवन में खुशहाली आती है। आईएमए शामली के अध्यक्ष डॉ. अकबर खान ने लोगों से आह्वान किया कि अपनी दिनचर्या में साइकिल को लाने की कोशिश करें। मौके पर आईएमए सचिव डॉ. अजय कुमार सैनी, डॉ. पीके गोयल, डॉ. पंकज गर्ग, डॉ. कुंवर महबूब अली खान, डॉ. केपी पंवार, डॉ. शिखर गुप्ता, डॉ. गौरव गोयल आदि मौजूद रहे।