{"_id":"5adf6fef4f1c1b390a8b662e","slug":"four-killed-in-road-accidents-many-injured","type":"story","status":"publish","title_hn":"सड़क हादसों में चार की मौत, कई घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सड़क हादसों में चार की मौत, कई घायल
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
Updated Tue, 24 Apr 2018 11:34 PM IST
विज्ञापन
विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। जबकि तीन बच्चों को सहित कई गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
कैराना कोतवाली के गांव अलीपुर निवासी रविंद्र (32) मंगलवार की सुबह अपनी पत्नी बबीता (29) के साथ शामली में दवाई लेने के लिए आ रहा था। करीब 10.30 बजे जब वह कंडेला बिजलीघर से आगे पहुंचे, तो शामली की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक चालक ने गलत साइड में आकर बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रविंद्र और बबीता ट्रक के नीचे फंस गए। खाई में ट्रक उतरने के बाद रुक गया, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। राहगीरों ने वहां ट्रैक्टर से ट्रक हटवाकर उसके नीचे दबे दंपति को बाहर निकाला और अस्पताल में भेजवाया। हादसे में रविंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला को गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया। सूचना पर युवक के परिजन अस्पताल में पहुंच गए।
मामले में रविंद्र के चाचा गुलाब सिंह की ओर से अज्ञात में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर रफी परवेज ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत तथा उसकी पत्नी घायल हुई। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
उधर, कांधला थाना क्षेत्र के गांव भारसी निवासी जितेंद्र अपनी पत्नी सुमन और तीन बच्चों के साथ सोमवार दोपहर शामली गया था। परिजनों के अनुसार काम समाप्त करने के बाद दंपति बाइक से रात में लौट रहे थे। जब वह दिल्ली सहारनपुर हाईवे गांव नानुपूरी के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी।
विज्ञापन
जिससे जितेंद्र पत्नी सुमन, बेटी साया चार वर्ष , बेटा प्रिंस दो वर्ष व चार माह की बेटी छुटकी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें शामली के लिए रेफर किया गया था।
मंगलवार सुबह शामली के एक निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान जितेंद्र की मौत हो गई। इस हादसे से परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। कार्रवाई की मांग को लेकर परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर थाने में हंगामा किया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। परिजनों के अनुसार घायल पत्नी व बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर मृतक के चाचा रामबीर ने अज्ञात रोडवेज चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कैंटर से कुचलने पर रेहड़ी चालक की मौत
शामली। लिलौन गांव से शामली की ओर आ रहे रहे रेहड़ी चालक को ट्रक ने कुचल दिया। ग्रामीणों ने कैंटर चालक को पकड़ा तथा हंगामा कर दिया। मंगलवार देर रात युवक घर लौट रहा था। जब वह खेड़ीकरमू में पहुंचा तो पीछे से आए कैंटर चालक ने उसको कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। चालक ने कैंटर से कूदकर भागने लगा। इसके बाद मौके पर एकत्र हुए लोगों ने उसको दबोच लिया। इस बीच कुछ लोगों ने कैंटर में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करा दिया। शव की शनाख्त नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन