तेंदुए का खौफ: दहशत में जी रहे यूपी के कई गांव, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाए गंभीर आरोप, जानें पूरा मामला
यूपी के कई गांव तेंदुए की दहशत में जी रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर आरोप भी लगाए हैं। खबर में विस्तार से जानिए पूरा मामला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली में कांधला थाना क्षेत्र के गांव कनियान के जंगल में तेंदुआ देखे जाने से लोगों में दहशत है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद वन विभाग की टीम सोमवार रात बिना किसी साधन के पहुंच गई, जिस तेंदुए को नहीं पकड़ा जा सका। वन विभाग की इस कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।
क्षेत्र के गांव कनियान के जंगल में कुछ किसानों को खेत के समीप कार्य करते हुए सोमवार शाम को तेंदुआ दिखाई दिया था। सभी लोग जान बचाकर मौके से भाग गए और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ वन विभाग के उच्च अधिकारी को भी दी गई। वन विभाग की टीम ने रात मौके पर पहुंचकर आसपास के जंगलों में तेंदुए की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीण राहुल, दिनेश, सुदेश, सौरभ, रोहित आदि ने बताया कि गांव में तेंदुए होने की सूचना से ग्रामीण दहशत में हैं। पशुओं का चारा लेने के लिए भी जंगल में जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सोमवार शाम वन विभाग की टीम बिना किसी साधन के तेंदुए को पकड़ने के लिए पहुंच गई, जिसके कारण वह दिखाई देने के बाद भी पकड़ से बाहर रहा। वन विभाग की टीम रात्रि में ही लौट गई थी, जिसे लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मंगलवार सुबह वन विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेंदुए की धरपकड़ के लिए पिंजरा लगाया गया, लेकिन अब तक पकड़ा नहीं जा सका।
लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को किया गया सतर्क
तेंदुए की दस्तक के बाद से ग्रामीण भी पूरी तरह से सतर्कता बरत रहे। ग्रामीणों ने गांव में लाउडस्पीकर के माध्यम से अन्य लोगों को भी तेंदुए की उपस्थिति की सूचना देकर सावधान रहने की अपील की है। गांव कनियान से सटे गांव डांगरोल, भभीसा, भारसी सहित अन्य ग्राम पंचायत भी पूरी तरह से सतर्क हो चुकी है। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को तेंदुए की धरपकड़ के दौरान उनके सहयोग करने का आश्वासन दिया। बहराल वन विभाग के कर्मचारी तेंदुए को पकड़ने के लिए डेरा डाले हुए है।
खेतों में गश्त कर रही दो टीम
प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि तेंदुआ दिखने की सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के खेतों में गश्त की। गांव कनियान, भनेड़ा व भभीसा में मुनादी कराई गई है और पिंजरा लगाया गया है। मुजफ्फरनगर व बागपत के वन प्रभागों से संपर्क कर शामली वन विभाग की दो टीमें दिन व रात में लगातार गश्त कर रही हैं।
ये सावधानी बरतें ग्रामीण
खेतों में समूह में जाएं।
बच्चों को अकेले कहीं न जाने दें।
रात में खेतों में जाने से बचें।
खेतों में काम करते समय एक-दूसरे को आवाज लगाते रहें।
तेंदुए की सूचना इन नंबरों पर दें
क्षेत्रीय वन अधिकारी, कैराना-7535000732, क्षेत्रीय वन अधिकारी, ऊन-9837374319, संदीप राणा, वन रक्षक-7409494242, प्रभागीय वनाधिकारी, शामली-7839435167 के मोबाइल नंबरों पर दी जा सकती है।