कैराना। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए शुक्रवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं व पुलिस के बीच सामंजस्य बैठक हुई। इस दौरान पीड़ित का जल्द न्याय दिलाने व अपराधियों पर कानून का शिकंजा कसने पर विचार-विमर्श किया गया। क्षेत्र में शांति पूर्वक माहौल बनाने के लिए अधिवक्ताओं व पुलिस के बीच सामंजस्य बनाए जाने पर सहमति बनी। किस तरह पीड़ित को जल्द न्याय व अपराधी को सजा दिलाई जा सके, इस पर भी चर्चा की गई।
कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने कहा कि अदालत के माध्यम से 156/3 के तहत अनावश्यक मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं, जिससे अदालतों व पुलिस पर अनावश्यक बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कराने के लिए अधिवक्ता सीधे उनसे आकर मिल सकता है। पीड़ित की सहायता की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार एडवोकेट ने की। इस अवसर पर संजय सिंह राणा, चौधरी सलीम, चौधरी नसीम, ब्रहम सिंह, नीरज चौहान आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद