शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कुड़ाना रोड पर नदी पुल के समीप सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में घोड़ा-बुग्गी में सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
बृहस्पतिवार को गांव कंजरहेड़ी निवासी रामधन घोड़ा-बुग्गी लेकर शामली से गांव जा रहा था। घोड़ा बुग्गी में गांव की मुन्नी, सविता, जयचंद और राजेश घर जा रहे थे। जब घोड़ा-बुग्गी कुड़ाना रोड पर नदी पुल से आगे पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक की घोड़ा-बुग्गी की टक्कर हो गई। टक्कर होने पर घोड़ा-बुग्गी में सवार महिलाओं समेत पांचों लोग गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना में घोड़ा टांग टूटने से घायल हो गया और बुग्गी भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।