Shamli: सिपाही की पत्नी से चेन लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
शामली में सिपाही की पत्नी से चेन लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली शहर के खेड़ीकरमू क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही की पत्नी से सोने की चेन लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे और खड़ी फसल का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस पर की गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि सोमवार सुबह खेड़ीकरमू क्षेत्र में सिपाही सतीश कुमार की पत्नी अंजली अपने बच्चों को विद्यालय छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
घटना के बाद कोतवाली पुलिस और विशेष कार्यबल की टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर बलवा मार्ग पर जांच के दौरान बदमाशों ने पुलिस दल पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
लूटी गई चेन, तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद
घायल आरोपी की पहचान फहीम उर्फ छोला पुत्र सलीम निवासी किदवईनगर, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चेन, .315 बोर का तमंचा, दो जीवित कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त एसपी-125 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
साथी फरार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का साथी आदी उर्फ अदनान अंधेरे और खड़ी फसल का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार फहीम गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ लूट समेत सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।
अकेली महिलाओं को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ सुनसान रास्तों पर अकेली आने-जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाता था। कम समय में अधिक धन कमाने के उद्देश्य से वे चेन लूट की वारदातों को अंजाम देते थे और ऐसे स्थान चुनते थे जहां से आसानी से फरार हुआ जा सके।