शामली। जनपद में छह दिसंबर को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा। जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ तैनात रहे। दोपहर में जुमे की नमाज पुलिस की कड़ी चौकसी के बीच हुई। नमाज के दौरान अमन चैन का पैगाम दिया गया।
शहर में चौराहों, बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों के अलावा मजिस्दों और ईदगाह के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। शामली में एडीएम अरविंद कुमार, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह, एसडीएम सदर संदीप कुमार, कोतवाल सुभाष सिंह राठौर समेत सभी अधिकारी शहर में गश्त करते रहे। दोपहर में एक बजे से तीन बजे तक मजिस्दों में हुई नमाज के दौरान पुलिस विशेष तौर पर सतर्क नजर आई। मजिस्दों के बाहर पुलिस अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। बड़ा बाजार स्थित जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद शौकीन ने तकरीर करते हुए कहा कि इस जन्म में हम यहां अच्छे या बुरे जो भी काम कर रहे है कि उसका हिसाब हमें कयामत के दिन देना होगा। इसलिए इंसान को न झूठ बोलना चाहिए, और न ही किसी को परेशान या दुख पहुंचाना चाहिए। मोहल्ला सलेक विहार में स्थित मस्जिद में मौलाना मोहम्मद साजिद अली कासमी ने जुमे की नमाज के समय तकरीर पेश करते हुए कहा प्यार और मोहब्बत से रहने का पैगाम दिया। इसी तरह की तकरीरें अन्य मजिस्दों में करते हुए मौलानाओं ने अमन का पैगाम देते हुए सही रास्ते पर चलने का आह्वान किया।