{"_id":"9a4711b36c6c1c507352155d0fd4035f","slug":"the-increase-in-night-fog-chill-dropped-the-temperature-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रात में घने कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, गिरा तापमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रात में घने कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, गिरा तापमान
शाहजहांपुर।
Updated Sun, 24 Jan 2016 08:02 PM IST
विज्ञापन
दिन ढलने से लेकर भोर होने के बाद तक घना कोहरा छाए रहने से पिछले 24 घंटे में थर्मामीटर का पारा करीब तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। हालांकि, रविवार को दिन में धूप खिलने से जनजीवन को सर्दी से काफी राहत मिली, लेकिन सूर्यास्त के बाद गलन और ठिठुरन में फिर से इजाफा हो गया।
विज्ञापन
शनिवार को दिन में धूप निकलने के बावजूद आसमान पर छाए बादल सूरज का रास्ता रोकने की कोशिश करते रहे। इस कारण बीते दिन धूप की तपिश कम महसूस की गई। शाम चार बजे के बाद सूरज बादलों की ओट में छिपा और इसके साथ ही चारों ओर कोहरे की धुंध छाने लगी। रात दस बजे के बाद कोहरे की परत घनी होने के साथ ठिठुरन बढ़ गई। रविवार को सुबह नौ बजे तक कोहरा छाए रहने से सड़कों पर आवाजाही कम रही और सन्नाटे जैसा माहौल रहा।
विज्ञापन
गन्ना शोध परिषद के मौसम विज्ञानी डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार शीतलहर और कोहरा की वजह से पिछले 24 घंटे के दौरान रात का तापमान 5.5 डिग्री से घटकर 2.7 डिग्री सेल्सियस रह गया। उन्होंने बताया कि दिन में धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी रिकार्ड की गई। डॉ. सिंह के अनुसार सोमवार को भी दिन में धूप खिलने और मौसम साफ रहने संकेत हैं, लेकिन कोहरे के कारण रात में सर्दी से राहत मिलने में कुछ वक्त लगेगा।
विज्ञापन