शाहजहांपुर गौतम हत्याकांड: आरोपी समीर के मकान पर चलेगा बुलडोजर, अफसरों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
शाहजहांपुर के कांट में गौतम मौर्य हत्याकांड के आरोपी समीर का मकान बृहस्पतिवार को जमींदोज किया जाएगा। नगर पंचायत ने नोटिस का जवाब न मिलने पर यह कार्रवाई की है। बुधवार को उप जिलाधिकारी प्रभात कुमार और कार्यकारी अधिकारी नूरजहां ने मौके का जायजा लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
विस्तार
शाहजहांपुर के कांट क्षेत्र के मोहल्ला कमलनैनपुर निवासी गौतम मौर्य की हत्या के आरोपी समीर का मकान बृहस्पतिवार को जमींदोज किया जाएगा। नगर पंचायत की ओर से जारी नोटिस का निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की जा रही है। बुधवार शाम एसडीएम प्रभात कुमार, ईओ नूरजहां और बिजली निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
31 जुलाई की रात को गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। दो समुदाय का मामला होने के चलते एक अगस्त को हिंदू संगठनों ने कांट थाने के सामने धरना देकर करीब आठ घंटे तक कांट-जलालाबाद मार्ग जाम रखा था। एसपी सौरभ दीक्षित ने पहुंचकर मामले को शांत कराया था। धरने देने वाले आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की बात लिखित में लेने के बाद माने थे।
वारदात के बाद से बंद है आरोपी का मकान
मामले में पुलिस ने समीर, उसके पिता लियाकत, सगे भाई तदीम व चचेरे भाई राजा को जेल भेज दिया था। हत्या के बाद से उसका मकान बंद है। मामले में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने समीर के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी प्रथम में स्थित मकान अवैध होने की बात कहते हुए नोटिस चस्पा कराया था। 15 दिन बीतने के बाद भी आरोपियों को दिए नोटिस का कोई जवाब नहीं आया।
बुधवार को ईओ ने समीर की मां सलमा, परिवार की अमीरन, नसीम को भवन गिराने का नोटिस जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि बिना सूचना और बिना स्वीकृत मानचित्र के अनधिकृत निर्माण किया गया है। तय समय पर अवैध निर्माण हटाने और पक्ष रखने का मौका दिया गया। ऐसे में भवन का अवैध निर्माण बृहस्पतिवार को प्रशासन हटा देगा।
दो प्लाटून पीएसी व दंगा नियंत्रण दस्ता समेत पुलिस बल मांगा
समीर का मकान महिलाओं के नाम पर दस्तावेजों में दर्ज है। एक ही मकान में तीन हिस्से हैं जिनमें तीन परिवार रहते हैं। मकान पर बुल्डोजर चलाए जाने के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने पुलिस बल मांगा है। एडीएम ने एसपी से पत्राचार कर दो प्लाटून पीएसी, पांच महिला उप निरीक्षक, 25 महिला सिपाही, दंगा नियंत्रण दस्ता, पांच पुरुष उप निरीक्षक व 25 पुरुष आरक्षी मांगे हैं। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर पंचायत कांट की अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने बताया कि मकान को लेकर अपना पक्ष रखने के लिए पूर्व में नोटिस जारी किया था, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया है। ऐसे में बृहस्पतिवार को अवैध भवन को गिराने की कार्रवाई की जाएगी।