शाहजहांपुर। पहाड़ों पर दो दिन तक हुई बारिश के असर से ठंडी हुई उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाएं आर्द्रता कम होने के साथ फिर से गर्म लू के थपेड़ों में बदलने लगी हैं। वातावरण में नमी का स्तर घटने और ऊंचाई पर धुंध छाने से रात में उमस बढ़ी तो न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़कर 24.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। शनिवार को सुबह से धूप निकलने के बाद सूरज ने आग बरसानी शुरू की तो दिन में थर्मामीटर का पारा उछलना शुरू हो गया।
हालांकि, बीते दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री कम होकर 41.5 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन गर्म हवा के थपेड़े शाम तक जनजीवन को झुलसाते रहे। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की गति में ज्यादा कमी नहीं आई, लेकिन आर्द्रता में गिरावट से शुष्कता बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि दिन में धूप से शाम तक आर्द्रता का स्तर 31 से 32 फीसदी बने रहने के बाद रात में ओस गिरने से सुबह तक आर्द्रता 55 से 60 प्रतिशत हो जाती है, लेकिन बीते दिन और आज सुबह के वक्त भी आर्द्रता सिर्फ 45 प्रतिशत रही और इसीलिए सुबह से शुष्क हवा चलने के कारण गर्मी चरम की ओर तेजी से बढ़ रही है।