UP News: शाहजहांपुर में शहीद एक्सप्रेस से टकराया छुट्टा पशुओं का झुंड, कई मरे; ट्रेन का इंजन फेल
शाहजहांपुर में बिलंदपुर गांव के पास सोमवार सुबह करीब 5:00 बजे छुट्टा पशुओं का झुंड रेल ट्रैक पर आ गया। इससे अपलाइन पर आ रही शहीद एक्सप्रेस से कई पशु टकरा गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल व रोजा जंक्शन रेलवे स्टेशन के बीच बिलंदपुर गांव के पास सोमवार सुबह 5:00 बजे छुट्टा पशुओं का झुंड अपलाइन पर आ रही शहीद एक्सप्रेस से टकरा गया, जिससे इंजन फेल हो गया। करीब दो घंटे बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया जा सका।
जयनगर से चलकर अमृतसर जाने वाली 14649 शहीद एक्सप्रेस सोमवार को अपने निर्धारित समय से दो घंटा देरी से चल रही थी। ट्रेन सुबह पांच बजे बिलंदपुर गांव के पास पहुंची, तो चालक ने देखा की कई छुट्टा पशु ट्रैक पर घूम रहे हैं। उन्होंने हॉर्न बजाया, लेकिन पशु नहीं हटे और इंजन की चपेट में आ गए, जिससे कई पशु मर गए।
लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और इंजन चेक किया। इंजन का प्रेशर पाइप फट गया था। लोको पायलट ने पावर केबिन और कंट्रोल को बताया। इसके बाद कंट्रोल के आदेश पर पीछे से आने वाली पोरबंदर एक्सप्रेस व मालगाड़ियों को रोक दिया गया।
दूसरा इंजन लगाकर किया गया रवाना
इस बीच लोको पायलट धीमी गति से शहीद एक्सप्रेस को रोजा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर लेकर पहुंचा। जहां लोको इंस्पेक्टर इब्ने हसन ने इंजन चेक किया। पावर फेल की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक, कैरिज एंड वैगन निरीक्षक, सेक्शन इंजीनियर मौके पर पहुंचे। लोको इंस्पेक्टर ने इंजन को फेल घोषित कर दिया। उसके बाद दूसरा इंजन ट्रेन में लगाया गया।
करीब दो घंटे के बाद शहीद एक्सप्रेस को रवाना किया जा सका। इससे पहले पद्मावत एक्सप्रेस से कटरा स्टेशन के पास करीब एक दर्जन मवेशी टकराए थे। स्टेशन अधीक्षक एसके यादव ने बताया शहीद एक्सप्रेस से मवेशी कटने के बाद पावर फेल हो गई थी। रोजा स्टेशन पर पावर बदलकर ट्रेन को रवाना किया गया।